Translate News:
नई दिल्ली।। बीजेपी और एनडीए के सांसदों द्वारा विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए 23 दिन की सैलरी और अन्य भत्ते ना लेने के ऐलान के बाद राजनेताओं की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है. इस कड़ी में बीजेपी के ही राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा है वह अपनी सैलरी और भत्ते लेंगे. न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए स्वामी ने कहा, 'मैं रोज़ाना संसद जाता था, अगर सदन नहीं चलता है तो इसमें मेरी गलती नहीं है.' स्वामी ने कहा, 'मैं सदन में राष्ट्रपति का प्रतिनिधि हूं और जब तक वह ऐसा नहीं कहेंगे, मैं वेतन लेने से इनकार नहीं कर सकता हूं.'
23 दिन का वेतन नहीं लेंगे बीजेपी और एनडीए सांसदउल्लेखनीय है कि बुधवार (4 अप्रैल) को बीजेपी ने कांग्रेस पर सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित करने का आरोप लगाया था. बीजेपी नेताओं ने कहा था कि सदन में काम ना होने के कारण वह अपनी 23 दिन की सैलरी और अन्य भत्ते नहीं लेंगे. फैसले की घोषणा करते हुए संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा था कि एनडीए ने निश्चय किया है कि उसके सांसद उन 23 दिनों का अपना वेतन और अन्य भत्ते नहीं लेंगे जिन दिनों में कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही नहीं होने दी थी. उन्होंने संवाददाताओं से कहा था, 'कांग्रेस महत्वपूर्ण बिलों को पारित होने से रोक कर गैर लोकतांत्रिक कार्य कर रही है जिससे हमारे करदाताओं का पैसा बर्बाद होता है.'

