Breaking News
Loading...

रेप पीड़िता के पिता के मौत से पहले के ज़ख्मो की दास्तान

     उन्नाव रेप केस में पीड़िता के पिता की मौत से पहले के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक में जहां वह स्ट्रेचर पर कराह रहे हैं और पुलिसवाले उनका अंगूठे का निशान ले रहे हैं, वहीं दूसरे वीडियो में उनकी जख्मी पीठ दिखाई दे रही है.
    पहले वीडियो में वह स्ट्रेचर पर लेटे हैं और दो पुलिस वाले और सादे कपड़ों में दो शख्स कुछ कागज पर उनके अंगूठे का निशान ले रहे हैं. मरणासन्न स्ट्रेचर पर लेटे रेप पीड़िता के पिता कराह रहे हैं. उनके पैर में चोट और खून के निशान भी साफ-साफ नजर आ रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में पीड़ित के शरीर पर चोट के निशान दिख रहे हैं.
    उधर पीड़ित के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी खुलासा हुआ है कि शव पर 18 जगह चोट के निशान थे. मौत की वजह शॉक और सेप्टिसिमिया बताई गई है. रिपोर्ट में बड़ी अंत के फेल होने और उसकी वजह से सेप्टिक फैलने को भी कारण बताया गया है.
     हालांकि, अभी तक पुलिस की तरफ से इन वीडियो पर कोई सफाई नहीं आई है. सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस कागज पर अंगूठों के निशान लिए जा रहे हैं? कागज़ सादे हैं, या फिर कोई फॉर्म है, जिस पर जबरन अंगूठे का निशान लिया जा रहा है?
      बता दें, पूरे मामले में आरोपी बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के भाई अतुल सिंह को गिरफ्तार किया गया है. इतना ही नहीं अतुल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा को भी एफआईआर में जोड़ा गया है. वहीं पूरे मामले में सिर्फ 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. जबकि जेल प्रशासन पर अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है. वहीं लगातार विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है.
     फिलहाल, रेप पीड़िता के पिता का मंगलवार को अंतिम संस्कार करा दिया गया. वहीं, पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहयता लेने से मना कर दिया है. उनकी मांग है कि मामले की सीबीआई से जांच कराई जाए.