राजस्थान में अनोखी शादी आपने किसी जोड़े को बरसों तक लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने के बाद उनके शादी करने के बारे में तो सुना होगा. लेकिन कोई शख्स जब बरसों तक 1 या 2 नहीं बल्कि 3 महिलाओं के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने के बाद एक साथ तीनों महिलाओं से शादी करे तो सुनने में थोड़ा अजीब जरूर लगेगा. लेकिन यह सत्य है और ऐसा ही हुआ है राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य इलाके उदयपुर में. वहां ऐसी ही एक अनोखी शादी देखने को मिली. इस शादी में एक दिव्यांग दूल्हे ने तीनों महिलाओं से एक साथ शादी कर जीवन भर साथ देने का संकल्प लिया.
दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी बाहुल्य इलाके में लिव-इन-रिलेशनशिप में बरसों साथ रहने के बाद शादी करने की परंपरा है. यहां सैंकड़ों वर्षों से यह परंपरा चली आ रही है. उदयपुर के झाड़ोल तहसील के आडोल गांव में 32 वर्षीय एक दिव्यांग नक्कालाल कसोटिया ने गुरुवार को एक मंडप के नीचे तीन महिलाओं से शादी रचाई. नक्कालाल इनमें से पहली महिला के साथ 12 वर्ष तो दूसरी महिला से 8 वर्ष से लिव-इन-रिलेशनशिप में था. नक्कालाल की तीसरी दुल्हन भी ओर कोई नहीं, बल्कि 12 वर्ष से उसके साथ रहने वाली महिला की ही छोटी बहन है. उसके साथ भी वह 1 साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में था.
नक्कालाल के जीवन में आई पहली महिला अलसीगढ़ की कंतु बाई है. वह नक्कालाल से उम्र में 13 साल बड़ी है. नक्कालाल कंतु बाई के साथ पिछले 12 वर्षों से लिव-इन-रिलेशनशिप में है. कंतु बाई के साथ होते हुए भी नक्कालाल को गिर्वा इलाके के फोकटा गांव की दिव्यांग पुनकी नाम की महिला से प्यार हो गया. नक्कालाल उसे घर ले आया, लेकिन बरसों तक दोनों ही महिलाओं से नक्कालाल को कोई संतान नहीं हुई. ऐसे में नक्कालाल पिछले साल अपने से 5 साल छोटी कंतु बाई की बहन रेखा को अपने घर लाया. तीनों ही महिलाओं के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने लगा. रेखा के गर्भवती होने पर नक्कालाल ने तीनों से शादी करने की सोची. उसने गुरुवार को गांव में रिश्तेदारों की मौजूदगी में एक ही मंडप के नीचे तीनों से शादी कर ली.
