Translate News:
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 55 हजार रुपए लेने का था इरादा

सागर/मध्य प्रदेश।। मध्य प्रदेश के सागर में एक व्यक्ति को अपनी ही पत्नी से दोबारा शादी करने की कोशिश करना महंगा पड़ गया अपनी इस हरकत की वजह से उसे ना केवल माफ़ी मांगनी पड़ी बल्कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी एनएसयूआई का राष्ट्रीय समन्वयक नैतिक चौधरी है। उसे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ लेने के लिए अपनी पत्नी से सामूहिक विवाह समारोह में दोबारा शादी करने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया है।
सागर में भाजपा विधायक शेलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया था। इसमें करीब 135 जोड़ो की शादियां करवाई गईं। इसी दौरान उन्होंने एनएसयूआई के राष्ट्रीय समन्वयक नैतिक चौधरी को शादी करते देखा। उन्हें पता चला कि नैतिक चौधरी की शादी करीब 15 दिन पहले ही हुई है। ऐसे में आयोजनकर्ताओं ने पुलिस को फर्जीवाड़े की जानकारी दी।
दरअसल, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत हर जोड़े को 55 हजार रुपए दिए जाते हैं। इसी वजह से सामूहिक विवाह आयोजनों में शामिल होने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ लोग इस योजना का गलत फायदा लेने की कोशिश करते हैं। इसी कड़ी में नैतिक चौधरी भी विवाहित होने के बावजूद योजना का फायदा लेना चाहते थे। उन्हें मोतीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
