यहाँ संतो के संग खेली गई होली, 3 क्विंटल से अधिक गुलाल उडाई गयी
Headline News
Loading...

Ads Area

यहाँ संतो के संग खेली गई होली, 3 क्विंटल से अधिक गुलाल उडाई गयी

  चित्तौड़गढ़/राजस्थान।। जिले के बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा रंगोत्सव (धुलंडी)  का पर्व मनाया गया। गोपाल पुरुषोत्तम सत्संग आश्रम के संत श्री सुदर्शनाचार्य जी एवं आनंद धाम श्री राम द्वारा के संत श्री अनंतराम जी महाराज के नेतृत्व में  होली के नये रंग देखने को मिले।  
  बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र के मुख्यालय बड़ी सादड़ी में संतो के संग श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान के नेतृत्व में भव्य, ऐतिहासिक, विराट, अनुशासित एवं मर्यादित होली महोत्सव-2023 का हुआ आयोजन होली महोत्सव 2023 के संयोजक दिनेश माली ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान के आग्रह पर होली महोत्सव 2023 मे बड़ी संख्या में नगर वासियों ने भाग लिया। बालाजी संस्थान द्वारा विगत 6 वर्षों से (कोरोना काल छोड़कर) होली महोत्सव पर शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। विगत 2 वर्षों से यह आयोजन भव्य रूप लेता जा रहा है। शोभायात्रा में समाज के हर जाति, वर्ग, संप्रदाय, माता, बहने, युवा, बुजुर्ग, बालक सहित लगभग 2000 से अधिक लोगों ने भाग लिया। 
  
   शोभा यात्रा के लिए प्रातः 10:00 बजे श्री गोपाल पुरुषोत्तम सत्संग आश्रम के संत श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज एवं आनंद धाम श्री राम द्वारा के संत श्री अनंत राम जी महाराज अपने आश्रम से ढोल नगाड़ों के साथ राजमहल प्रांगण पहुंचे। जहां पूज्य संतों ने भगवान को गुलाल लगाकर शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। इसके पश्चात सभी ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। शोभायात्रा में सबसे आगे डीजे की धुन पर युवा वर्ग नाचते गाते हुए चल रहा था। युवा वर्ग के पीछे वरिष्ठ जन, विभिन्न समाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित दोनों संत चल रहे थे। उनके पीछे डीजे एवं ढोल नगाड़ों के साथ बालक चल रहे थे। बालकों के पीछे एक और डीजे एवं ढोल नगाड़ों के साथ माताएं बहने नाचते गाते हुए चल रही थी। माताओं बहनों ने शोभायात्रा में गरबा भी किया। नगर जनों के द्वारा शोभायात्रा का मार्ग में गुलाल उड़ाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पेयजल एवं शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई। 
  जानकारी अनुसार शोभायात्रा में 3 क्विंटल से अधिक गुलाल उडाई गयी। शोभायात्रा में विधायक ललित ओस्तवाल, नगर पालिका अध्यक्ष मुस्तफा बोहरा, जिला अध्यक्ष गौतम दक, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री राकेश कोठारी, हनुमंत सिंह बोहेडा, अभय मेहता सहित वर्तमान एवं पूर्व पार्षद, पूर्व पालिका अध्यक्ष, पूर्व एवं वर्तमान नगर अध्यक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। शोभायात्रा में माता बहनों की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति के बाद भी अनुशासन एवं मर्यादा नगर में चर्चा का विषय रहा। शोभायात्रा के अंत में सभी के लिए अन्नकूट के प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। संस्थान की ओर से 5 क्विंटल सब्जी पूरी के प्रसाद की व्यवस्था की गई। शोभा यात्रा की व्यवस्थाओं में प्रशासन के साथ संस्थान के कार्यकर्ता भी योजनाबद्ध रूप से अपनी अपनी व्यवस्थाओं में लगे हुए थे। 
  दरअसल इस होली महोत्सव के आयोजन के पीछे संस्थान का एक ही उद्देश्य है कि किस प्रकार से हमारे त्योहार अपने मूल भाव एवं संस्कारों के साथ पुनः समाज में प्रतिस्थापित हो एवं युवा पीढ़ी के माध्यम से यह परंपरा चलती रहे। पर्यावरण एवं वैज्ञानिक दृष्टि से हमारे त्योहारों का अपना एक अलग ही महत्व है, परंतु आधुनिकता की दौड़ में एवं दुष्प्रचार के कारण हमारे त्योहारों को लेकर एक नकारात्मक वातावरण का निर्माण हो रहा है, और होली का त्यौहार भी इससे वंचित नहीं है। होली समाज में समरसता सौहार्द एवं प्रेम का त्यौहार है। समाज के सभी वर्ग एवं जातियां भेदभाव को छोड़कर, ऊंच-नीच के भाव को त्याग कर, समरसता के भाव को मन में लेकर एकरस होकर एक साथ होली का त्योहार मनाए, यही संस्थान का उद्देश्य है। हमारे त्योहार हमारे समाज को संगठित करने का एक महत्वपूर्ण उपकरण है अतः बालाजी संस्थान ने होली महोत्सव के माध्यम से इस दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय किया है। इस भव्य होली महोत्सव की सफलता के पीछे बजरंगबली का आशीर्वाद, संतों का सानिध्य, समाज का विश्वास एवं कार्यकर्ताओं के संस्कारों की ताकत है।

Post a Comment

0 Comments