Breaking News
Loading latest news...

"देश की शिक्षा व्यवस्था ICU में, पेपर लीक करने वाले सिस्टम में ही बैठे हैं": इमरान प्रतापगढ़ी

0
Translate Post:

"देश की शिक्षा व्यवस्था ICU में, पेपर लीक करने वाले सिस्टम में ही बैठे हैं": इमरान प्रतापगढ़ी

रांची/झारखंड।। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि आज देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह आईसीयू (ICU) में पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

Imran Pratapgarhi


रांची प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने पेपर लीक को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि देश भर में अब तक 89 से 90 पेपर लीक हो चुके हैं, जो इस बात का सबूत हैं कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक पूरी तरह विफल संस्था साबित हुई है।

"थर्मामीटर बदलने से बुखार नहीं उतरता"

सरकार के दावों पर तंज कसते हुए सांसद ने कहा:

"केंद्र सरकार कह रही है कि वायु सेना के विमान से पेपर पहुंचाए गए। लेकिन सरकार को समझना होगा कि थर्मामीटर बदलने से बुखार नहीं उतरता। पेपर लीक करने वाले लोग खुद सिस्टम के अंदर बैठे हैं। जब तक उनकी पहचान कर उन्हें सिस्टम से बाहर नहीं किया जाएगा, तब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सकता।"

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कुछ चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए पेपर लीक माफियाओं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचाने का प्रयास कर रही है।

9 अगस्त को दिल्ली में बड़ा छात्र आंदोलन, राहुल गांधी करेंगे संवाद

इमरान प्रतापगढ़ी ने घोषणा की कि छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस आगामी 9 अगस्त को दिल्ली में एक देशव्यापी छात्र आंदोलन करने जा रही है, जिसमें देशभर के छात्रों को जुटने का आह्वान किया गया है।

  • छात्र संवाद कार्यक्रम: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कोटा में छात्रों से संवाद कर चुके हैं। अब पटना, इलाहाबाद और बेंगलुरु में छात्रों व अभ्यर्थियों के साथ सीधे संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम होगा।

  • राष्ट्रव्यापी अभियान: कांग्रेस पार्टी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक माफियाओं की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर देश के सभी कोचिंग हब, कॉलेज कैंपस, लाइब्रेरी और युवा समूहों के बीच एक बड़ा हस्ताक्षर और जन-जागरण अभियान चलाएगी।

छात्रों के हक की लड़ाई

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि यह अभियान उन लाखों युवाओं और अभ्यर्थियों की आवाज है, जिनकी मेहनत बार-बार पेपर लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और एनटीए की नाकामी के कारण बर्बाद हो रही है। छात्र सरकार से कोई एहसान नहीं मांग रहे, वे सिर्फ निष्पक्ष परीक्षा और समय पर भर्ती की मांग कर रहे हैं। आज का युवा और उनके अभिभावक इस अव्यवस्था के कारण भारी मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)