बांसवाड़ा में 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 480 बोतल एनर्जी ड्रिंक सीज
बांसवाड़ा/राजस्थान।। राजस्थान सरकार के प्रदेशव्यापी 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बार फिर मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने घाटोल क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक नामी ब्रांड की 480 बोतल एनर्जी ड्रिंक सीज की हैं।
लक्ष्मी मार्केटिंग पर छापेमारी, भ्रामक लेबलिंग का संदेह
आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला, जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव तथा सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ के कड़े दिशा-निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी उम्मेद मल टेलर के नेतृत्व में टीम ने लक्ष्मी मार्केटिंग प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद नामी ब्रांड की एनर्जी ड्रिंक पर भ्रामक लेबलिंग और मिस-ब्रांडिंग (Mis-branding) का संदेह होने पर विभाग ने त्वरित एक्शन लिया। टीम ने ड्रिंक की पूरी खेप (480 बोतलें) को मौके पर ही सीज कर दिया और नियमानुसार कानूनी सैंपल (नमूने) लिए।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सभी सैंपलों को सुरक्षित तरीके से जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला (Public Health Laboratory) भेजा गया है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत संबंधित फर्म के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
"अधिक कैफीन सेहत के लिए खतरनाक" कार्रवाई के बाद सीएमएचओ डॉ. खुशपाल सिंह राठौड़ ने आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि बाजार में बिकने वाले अत्यधिक कैफीन युक्त पेय पदार्थों (Energy Drinks) का ज्यादा सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकता है।
अभियान रहेगा लगातार जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए मिलावटखोरों को साफ संदेश दे दिया है। विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों और मिलावट करने वालों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा।

