संत पॉल हादसे के बाद अलर्ट मोड पर प्रशासन: कुशलगढ़ में ओवरलोड स्कूल वैन जब्त, नियमों की अनदेखी पर गाज
बांसवाड़ा/राजस्थान।। संत पॉल स्कूल वैन हादसे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र पूरी तरह सख्त रुख अपना चुका है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत सिंह द्वारा जारी कड़े निर्देशों के बाद पूरे जिले में स्कूली वाहनों की ताबड़तोड़ जांच का विशेष अभियान छेड़ दिया गया है।
इसी कड़ी में प्रताप सर्कल पर ट्रैफिक पुलिस ने सेंट मैथ्यूस स्कूल की वैन को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो वहां सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ती मिलीं।
क्षमता से ज्यादा बच्चे, न फायर सेफ्टी का इंतजाम
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि वैन में तय क्षमता से कहीं ज्यादा मासूमों को भूसे की तरह ठूंसा गया था। इतना ही नहीं, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए वाहन में न तो फायर सेफ्टी (अग्निशमन) उपकरण मौजूद थे और ना ही अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानक पूरे किए गए थे। विद्यार्थियों की जान के साथ इस तरह के सरेआम खिलवाड़ को बेहद गंभीर मानते हुए पुलिस ने वैन को मौके पर ही डिटेन कर ज़ब्त कर लिया।
प्रशासन की दोटूक चेतावनी
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ शब्दों में संदेश दे दिया है कि नौनिहालों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिले में सभी निजी व सरकारी स्कूलों के वाहनों की नियमित चेकिंग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

