ऑटोमोबाइल दुकान की आड़ में चल रहा था नशीली गोलियों का काला कारोबार, 32 हजार से अधिक अफीमयुक्त गोलियां जब्त; आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला स्पेशल टीम (DST) और बोरूंदा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑटोमोबाइल्स की दुकान की आड़ में चलाए जा रहे नशीली गोलियों के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से अफीम से निर्मित 32,284 नशीली गोलियां बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
खुफिया इनपुट पर हुई छापेमारी
पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। 5 अगस्त को ANTF नागौर से मिले सटीक इनपुट के आधार पर DST और बोरूंदा पुलिस ने कस्बा बोरूंदा स्थित 'टाक ऑटोमोबाइल्स' तथा उसके मालिक पन्नालाल टाक के घर पर अचानक दबिश दी। गहन तलाशी के दौरान दुकान व मकान से भारी मात्रा में अवैध नशीली गोलियों का स्टॉक जब्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी पन्नालाल टाक (निवासी गुलशन कॉलोनी, बोरूंदा) को गिरफ्तार कर बोरूंदा थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की आगे की जांच पीपाड़ शहर थानाधिकारी द्वारा की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गाड़ियों के पार्ट्स और सर्विस की आड़ में अवैध नशे की गोलियों की सप्लाई कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और इसके खरीददारों (कस्टमर नेटवर्क) का पता लगाने में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में DST प्रभारी श्रवणकुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल मदन मीणा, मोहनराम, मुकनसिंह, सोहनराम, अशोक भाटी तथा बोरूंदा थाना के उपनिरीक्षक सुजानाराम विश्नोई, हेड कांस्टेबल श्रवणराम, सुभाष, रामेश्वर, जितेंद्र और महिला कांस्टेबल गुडिया की सराहनीय भूमिका रही।

