सऊदी रिटर्न आशिक, 6 बच्चों की मां और गले में रस्सी: बरेली में 15 साल के रिश्ते का खौफनाक अंत
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। 15 साल की गृहस्थी, सात जन्मों का साथ और आंगन में खिलखिलाते 6 मासूम बच्चे—सब कुछ सऊदी अरब से लौटे प्रेमी के मोह में आकर तबाह हो गया। पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सो रहे पति की नृशंस हत्या कर दी।
नींद में दिया दगा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पप्पू की पत्नी नरगिस का अफेयर सऊदी अरब से हाल ही में लौटे एक युवक से चल रहा था। 15 साल पुराने रिश्ते को भूलकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आधी रात को जब पप्पू गहरी नींद में सो रहा था, तब नरगिस ने उसके पैर कसकर पकड़ लिए और प्रेमी ने गले में प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद घड़ियाली आंसू
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने शव को एक बोरे में बंद किया और सुनसान इलाके में खाई में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी महिला खुद थाने पहुंच गई और पति की गुमशुदगी की फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने काफी नाटक रचा, लेकिन उसकी घड़ियाली आंसुओं की अदाकारी ज्यादा देर टिक न सकी।
पुलिस की सख्ती के आगे टूटा तिलस्म
मामले की जांच में जुटी बरेली पुलिस को महिला के बयानों पर संदेह हुआ। जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो आरोपी महिला टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए पूरी खौफनाक साजिश की परतें खोल दीं। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
6 मासूमों के सिर से उठा साया
इस पूरी वारदात के बाद सबसे दर्दनाक स्थिति उन 6 छोटे बच्चों की है, जिनके पिता की हत्या हो चुकी है और मां सलाखों के पीछे पहुंच गई है। एक तरफ पिता की कब्र है तो दूसरी तरफ मां का जेल में होना, इन मासूमों के सामने अब जिंदगी का सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

