सैलाना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: भागर, हल्दी पाउडर समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए नमूने, भोपाल भेजे गए सैंपल
सैलाना/रतलाम : मिलावट खोरी पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम द्वारा सैलाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न किराना दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
विभिन्न दुकानों पर जांच और सैंपल संग्रहण:
ज़ाकिर हुसैन असगर अली किराना (पंचेड़ वाले): दुकान का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। मौके पर राजगीरा के लड्डू उपलब्ध नहीं पाए गए। हालांकि, खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां से भागर एवं फरियाली मिक्स आटा के नमूने जांच हेतु लिए। इसके साथ ही दुकान संचालक को व्यवस्था में सुधार के लिए 'सुधार नोटिस' जारी किया गया।
मुल्ला अब्देली मुल्ला काला भाई (एमजी रोड, सैलाना): खाद्य टीम ने यहां से गुलाब जामुन मिक्स का सैंपल लिया।
बादशाह जनरल स्टोर एंड किराना: प्रतिष्ठान से अरिहंत टर्मरिक (हल्दी) पाउडर का नमूना लिया गया। जांच टीम ने दुकान संचालक को स्वच्छता और साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए।
प्रयोगशाला भेजी गई रिपोर्ट, होगी वैधानिक कार्रवाई:
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया ने बताया कि लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के नियमों के तहत राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूनों में किसी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों में हड़कंप का माहौल है।

