झाबुआ पुलिस का कड़ा एक्शन: खाकी से अभद्रता और आरक्षक पर हमले के 4 आरोपी गिरफ्तार; हिस्ट्रीशीटर मलखान भी चढ़ा हत्थे
मेघनगर (झाबुआ)। यातायात बाधित करने से रोकने पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने, सरकारी काम में बाधा डालने और एक प्रधान आरक्षक पर हमला कर चोट पहुँचाने वाले चार आरोपियों को मेघनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 40-50 अपराधों में संलिप्त कुख्यात आरोपी मलखान भी शामिल है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार और एक ट्रक को भी ज़ब्त किया है।
साई चौराहे पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना 17 सितंबर की है जब मेघनगर पुलिस टीम साई चौराहे पर गश्त के लिए पहुँची थी। वहाँ सड़क के बीचों-बीच एक कार खड़ी कर यातायात बाधित किया जा रहा था। जब पुलिसकर्मियों ने कार हटाने के लिए कहा, तो कार चालक और उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।
पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी, धक्का देकर किया घायल
मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल पहुँचने के बावजूद आरोपी शांत नहीं हुए और विवाद करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ झूमाझटकी की और प्रधान आरक्षक बापूसिंह खराड़ी को धक्का देकर ज़मीन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें चोट आई। घायल पुलिसकर्मी का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मेघनगर में कराया गया।
40-50 केस दर्ज होने की धमकी दे रहा था कुख्यात आरोपी
घटना के दौरान आरोपी मलखान पुलिसकर्मियों पर धौंस जमाते हुए अपने ऊपर पूर्व से 40-50 आपराधिक मामले दर्ज होने की धमकी दे रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मलखान पर पूर्व में लूट और डकैती जैसे गंभीर धाराओं में मामले दर्ज रहे हैं।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज, 4 गिरफ्तार
मेघनगर थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285, 221, 132, 121(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने निम्नलिखित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:
मलखान पिता जोसफ अमलियार (निवासी पिपलिया, थाना कल्याणपुरा)
लाखन उर्फ प्रकाश पिता जोसफ अमलियार (निवासी पिपलिया, थाना कल्याणपुरा)
आशीष पिता गुड्डू उर्फ मोरसिंह अमलियार (निवासी पिपलिया, थाना कल्याणपुरा)
तोफान पिता टिटीया मकवाना (निवासी मोरडुंगरा)
पुलिस ने मामले में प्रयुक्त कार (GJ 20 N 5077) और एक ट्रक (MP 45 H 8650) को भी ज़ब्त कर लिया है। झाबुआ पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और खाकी के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

