सोशल मीडिया की 'Love Story' का खूनी अंत: चरित्र पर शक में पत्नी का कत्ल

0
Translate News:


इंस्टाग्राम पर प्यार, 22 महीने बाद हत्या: झांसी में चरित्र पर शक के चलते पति ने की पत्नी की गला घोंटकर हत्या, एनकाउंटर में गिरफ्तार

झांसी: सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक और भयानक मोड़ पर हुआ है। झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में चरित्र पर शक और आपसी विवाद के चलते एक पति ने अपनी 27 वर्षीय पत्नी सुधा उर्फ शिवानी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गया था। झांसी पुलिस ने मुठभेड़ (एनकाउंटर) के दौरान आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

'रात में पार्टी, फिर बहस और कत्ल': झांसी में चरित्र पर शक के चलते पति बना हैवान, पैर में गोली मारकर पुलिस ने दबोचा


इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी लव स्टोरी

मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ की रहने वाली शिवानी की करीब 2 साल पहले ग्वालियर निवासी यश ठाकुर से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। कुछ ही समय में यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने अपने परिजनों की सहमति से करीब 22 महीने पहले लव मैरिज कर ली। यश ग्वालियर में एक कपड़ों की दुकान पर काम करता था।

शादी के बाद शुरू हुआ कलह और शक

शादी के बाद दोनों ग्वालियर में साथ रहने लगे, लेकिन जल्द ही उनके रिश्तों में खटास आ गई। यश का आरोप है कि शादी के बाद शिवानी अपना ज्यादातर समय मोबाइल और इंस्टाग्राम पर बिताती थी और उससे कटी-कटी रहने लगी थी। कई बार उसके पर्स से काफी पैसे भी मिले, जिससे यश को उसके चरित्र पर शक होने लगा।

दूसरी ओर, शिवानी के परिजनों का आरोप है कि यश दहेज के पैसों के लिए शिवानी के साथ मारपीट करता था। पति के उत्पीड़न से तंग आकर शिवानी झांसी में किराए का कमरा लेकर अपने भाई-बहन के साथ रहने लगी थी।

30 अगस्त की रात को अंजाम दी वारदात

30 अगस्त की रात यश झांसी स्थित शिवानी के कमरे पर पहुंचा। रात में पार्टी के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और झगड़ा शुरू हो गया। देर रात जब घर के अन्य सदस्य सो गए, तब गुस्से में आकर यश ने शिवानी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद यश ने अपनी साली के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी ताकि वह तुरंत बाहर न निकल सके, और अपना बैग लेकर मौके से फरार हो गया। सुबह जब शिवानी का भाई घर पहुंचा, तब शिवानी का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई।

25 हजार का इनामी एनकाउंटर में गिरफ्तार

घटना के बाद से ही फरार चल रहे यश ठाकुर पर झांसी एसएसपी ने 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, पुलिस और SWAT टीम को सूचना मिली कि आरोपी स्कूटी से झांसी आया है। सिमरधा गांव के पास घेराबंदी किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी यश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, दहेज उत्पीड़न और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)
Loading...
To Top