गढ़ी नगरपालिका में कांग्रेस का दबदबा: पूर्व मंत्री मालवीया के नेतृत्व में लहराया जीत का परचम, निर्दलीयों के समर्थन से स्पष्ट बहुमत
बांसवाड़ा।
चुनाव की पूरी कमान संभाल रहे मालवीया के नेतृत्व में कांग्रेस ने 25 वार्डों वाली गढ़ी नगरपालिका में अपना परचम लहराया। मतगणना के अनुसार, 12 वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, चुनाव के तुरंत बाद 2 विजयी निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस पार्टी को अपना समर्थन दे दिया। निर्दलीयों के साथ आने से कांग्रेस समर्थित पार्षदों का आंकड़ा 14 पर पहुँच गया है, जिससे नगरपालिका में पार्टी को स्पष्ट बहुमत हासिल हो गया है।
जनता के भरोसे और विकास की जीत: मालवीया
शानदार जीत के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने इस सफलता का श्रेय क्षेत्र की जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा, "यह जीत गढ़ी की आम जनता के अटूट विश्वास की जीत है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए हर एक वादे को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। जल्द ही सभी वार्डों में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को समझा जाएगा और नए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।"
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि गढ़ी नगरपालिका में मिली यह जीत क्षेत्र की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगी। कांग्रेस के स्पष्ट बहुमत के बाद अब जल्द ही बोर्ड गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

