कुशलगढ़ नगरपालिका चुनाव: अब नजरें बोर्ड गठन पर, कौन संभालेगा अध्यक्ष की कमान?
कुशलगढ़ (बांसवाड़ा)। कुशलगढ़ नगरपालिका चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब शहर की सियासत का पारा चढ़ गया है। चुनाव नतीजों के बाद अब सभी की नजरें बोर्ड गठन और अध्यक्ष की कुर्सी पर टिक गई हैं। इस बार चुनाव में 'गादिया' परिवार के हाथ ही अध्यक्ष पद की चाबी मानी जा रही है।
बहुमत का गणित: 11 के जादुई आंकड़े की जंग 20 सदस्यीय कुशलगढ़ नगरपालिका बोर्ड में स्पष्ट बहुमत के लिए 11 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। जारी परिणामों में मुकाबला बेहद दिलचस्प नजर आ रहा है:
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा): 10 सीटें
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस: 09 सीटें
निर्दलीय: 01 सीट
भाजपा बहुमत से महज एक कदम दूर है, वहीं कांग्रेस को बोर्ड बनाने के लिए दो पार्षदों के समर्थन की दरकार है। ऐसे में पूरे चुनाव का गणित अब वार्ड में एकमात्र निर्दलीय प्रत्याशी नरेश गादिया की सीट पर आकर टिक गया है।
निर्दलीय प्रत्याशी गादिया बने 'किंगमेकर' भाजपा से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे नरेश गादिया ने निर्दलीय जीत दर्ज कर सभी को चौंका दिया है। हालांकि वे भाजपा विचारधारा से ही जुड़े रहे हैं, लेकिन टिकट वितरण से नाराजगी के कारण उन्होंने निर्दलीय ताल ठोकी थी। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि वे किस शर्त पर भाजपा का दामन थामते हैं या फिर बाजी पलटते हुए कांग्रेस को समर्थन देते हैं।
हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा के ही अध्यक्ष बनने की संभावनाएं अधिक हैं, लेकिन राजनीति में किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। दोनों ही खेमों में जोड़-तोड़ और शह-मात का खेल शुरू हो चुका है।
वार्ड 15 से भाजपा की मेघा सोनी की शानदार जीत, समर्थकों में जश्न चुनाव परिणामों में वार्ड नंबर 15 से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती मेघा राहुल सोनी ने 221 मतों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की है। मतदान के इस रुझान से सोनी समाज और वार्ड वासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती मेघा सोनी का परिवार कुशलगढ़ की राजनीति में एक जाना-माना नाम है। उनके परिवार से श्रीमती ललिता देवी सोनी पूर्व में कुशलगढ़ नगरपालिका की अध्यक्ष रह चुकी हैं, वहीं उनके पति राहुल सोनी भी पूर्व में पार्षद के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वार्डवासियों का कहना है कि विकास के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए मतदाताओं ने एक बार फिर परिवार पर भरोसा जताया है।
अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में ऊंट किस करवट बैठता है और जादुई 11 के आंकड़े तक पहुंचकर कौन कुशलगढ़ नगरपालिका की गद्दी पर विराजमान होता है।


