पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 19 लाख के ट्रैक्टर-ट्राली और 2.80 क्विंटल अवैध डोडाचूरा के साथ आरोपी गिरफ्तार
रतलाम (मध्य प्रदेश): रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशों के पालन में रिंगनोद थाना क्षेत्र की माननखेड़ा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 80 किलोग्राम (280 किग्रा) अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (जावरा) श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रिंगनोद के नेतृत्व में माननखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश मालवीय एवं उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
11 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर-ट्राली के जरिए भारी मात्रा में डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्राली को रोका। तलाशी लेने पर उसमें से 280 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
जब्त माल और आरोपी का विवरण
गिरफ्तार आरोपी: प्रमोद पिता नरेंद्र कुमार दुबे (उम्र 48 वर्ष), निवासी- ताजखेड़ी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर।
जब्त सामग्री: 280 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (कीमत लगभग ₹7 लाख) एवं महिंद्रा ट्रैक्टर मय ट्राली (कीमत लगभग ₹12 लाख)।
कुल जब्त मशरूका: ₹19 लाख।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर से डोडाचूरा के स्रोत और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह आजाद (थाना प्रभारी रिंगनोद), उप निरीक्षक राजेश मालवीय (चौकी प्रभारी माननखेड़ा), प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, तथा सैनिक सुरेश उपाध्याय व शांतिलाल बामनिया की मुख्य भूमिका रही।

