लंबे समय से बिना बताए गायब नर्सिंग ऑफिसर विशाल पण्ड्या को अंतिम नोटिस जारी, 3 दिन में नहीं दिया जवाब तो होगी बर्खास्तगी जैसी कार्रवाई
बांसवाड़ा : महात्मा गांधी चिकित्सालय प्रशासन ने लगातार अनधिकृत रूप से ड्यूटी से नदारद चल रहे नर्सिंग ऑफिसर विशाल पण्ड्या को सख्त रुख अपनाते हुए अंतिम नोटिस जारी किया है। अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारी को 3 दिनों के भीतर स्वयं उपस्थित होकर लिखित में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
15 फरवरी से लगातार अनुपस्थित
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नर्सिंग अधीक्षक ने अवगत कराया कि रोड नंबर 2, अगरपुरा निवासी नर्सिंग ऑफिसर विशाल पण्ड्या (पुत्र मोहन लाल पण्ड्या) गत 15 फरवरी 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना या सक्षम स्वीकृति के लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। इससे पूर्व भी कार्यालय द्वारा कई बार नोटिस भेजकर उन्हें कर्तव्य पर लौटने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
सेवाओं पर पड़ रहा असर, अनुशासनहीनता पर सख्त रुख
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कर्मचारी द्वारा बिना स्वीकृति के बार-बार ड्यूटी छोड़ना राजकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। अति-आवश्यक चिकित्सा सेवाओं में इस तरह की लापरवाही से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
राजस्थान सिविल सेवा नियमों के तहत होगी कठोर कार्रवाई
PMO ने स्पष्ट किया है कि यदि नर्सिंग ऑफिसर 3 दिवस में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखते हैं या प्रस्तुत स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाया जाता है, तो यह मान लिया जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। इसके बाद राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं कर्मचारी की होगी।

