डूंगरपुर में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' का बड़ा एक्शन: कपास की आड़ में उगाए 280 किलो गांजे के पौधे ज़ब्त, आरोपी फरार
डूंगरपुर : जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला विशेष टीम (DST) और बिछीवाड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पांथल गांव में छापेमारी कर बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध गांजे की खेती का पर्दाफाश किया है।
कपास के खेतों में छिपा रखी थी फसल पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पांथल गांव में कपास की फसल की आड़ में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जब पुलिस ने खेत की जांच की, तो कपास के पौधों के बीच छिपाकर लगाए गए 2,505 हरे गांजे के पौधे पाए गए।
40 लाख रुपये अनुमानित कीमत पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी 2,505 गांजे के पौधों को जड़ से उखाड़कर अपने कब्ज़े में ले लिया। ज़ब्त किए गए गांजे के हरे पौधों का कुल वजन लगभग 280 किलोग्राम मापा गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी की तलाश तेज़ कार्रवाई के दौरान आरोपी नरसी ताबियाड पुलिस टीम की भनक लगते ही पास के जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

