बांसवाड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन: 'एरिया डोमिनेशन' अभियान में 417 ठिकानों पर दबिश, 175 आरोपी गिरफ्तार
बांसवाड़ा : राजस्थान पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर जिला पुलिस ने पूरे जिले में एक दिवसीय विशेष 'एरिया डोमिनेशन अभियान' चलाकर अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के कुशल निर्देशन में चलाए गए इस जिले भर के अभियान से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
60 टीमें और 291 जवानों का ताबड़तोड़ एक्शन
अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए पुलिस महकमे की 60 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें कुल 291 पुलिसकर्मी शामिल थे। इन टीमों ने अलसुबह से ही जिले के 417 चिन्हित संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान विभिन्न मामलों में संलिप्त कुल 175 आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया गया।
कार्रवाई का पूरा ब्योरा
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 34 नए प्रकरण दर्ज किए और विभिन्न संगीन धाराओं में गिरफ्तारियां कीं:
गंभीर व जघन्य अपराध: हत्या, हत्या का प्रयास, लूट एवं डकैती के मामलों में वांछित 2 गंभीर आरोपी गिरफ्तार।
अवैध हथियार व फायरिंग: फायरिंग एवं फायर आर्म्स मामलों के 2 सक्रिय आरोपी और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।
फरार व वांछित अपराधी: 22 स्थाई वारंटी, उद्घोषित (भगोड़े) अपराधी व अन्य संगीन मामलों में वांछित बदमाश पकड़े गए।
हिस्ट्रीशीटर व नशे के तस्कर: 1 हार्डकोर/सक्रिय हिस्ट्रीशीटर व मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा अपराधी तथा सामान्य मामलों के 9 वांछित आरोपी गिरफ्तार।
आबकारी अधिनियम: शराब तस्करी व अवैध बिक्री पर 6 मामले दर्ज।
अन्य निरोधात्मक कार्रवाई: धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत 95 और अन्य श्रेणियों में 36 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री, भंडारण या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गुप्त सूचना देने के लिए हेल्पलाइन/व्हाट्सऐप नंबर:
8764858986(सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।)

