आगरा, कुछ लोगों को यह तक पता नहीं है कि राष्ट्र ध्वज (तिरंगा) कैसे फहराया जाता है। एक अस्पताल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। किसी ने ध्यान नहीं दिया, राष्ट्र ध्वज को उल्टा फहरा दिया गया। कौन सा रंग कहां होता है, उसकी भी जानकारी देश के प्रबुद्ध नागरिक कहे जाने वाले चिकित्सकों को नहीं थी। टांस यमुना कॉलोनी में एक पूर्व सैन्य अधिकारी के यहां भी उल्टा तिरंगा फहराया गया।
श्रीराम नर्सिंग हॉस्पिटल पर हुआ कारनामा
एमजी रोड स्थित श्रीराम हॉस्पिटल में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम रखा गया था। पूर्व निर्धारित समय सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद अस्पताल का स्टाफ मिठाई खाने में व्यस्त हो गया। किसी ने ध्यान नहीं दिया कि अस्पताल की छत पर फहराया गया तिरंगा उल्टा है। हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे हो रखा था। चिकित्सक भी इसे देखकर अनजान बने रहे। फिर जब कुछ मीडियाकर्मियों की इस तिरंगे पर नजर पहुंची और फोटोग्राफी शुरू हुई। अस्पताल प्रशासन में अफरा तफरी मची। इसके बाद ध्वज को सही कराया गया।
पूर्व सैन्य अधिकारी के घर भी ध्वज का अपमान
टांस युमना कॉलोनी में मंडी समिति के सामने रहने वाले एक पूर्व सैन्य अधिकारी के घर पर भी राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया। सैन्य अधिकारी की कोठी पर भी ध्वज को उल्टा फहरा दिया गया। बाद में जब ध्यान आया, तो इसे सीधा किया गया। सोचने वाली बात यह है कि देश के लिए जान न्योछावर करने का जज्बा रखने वाले ही ऐसा कृत्य करेंगे, तो आमजन पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।
