रामपुर।। विरोधियों पर तीखे बयान देने वाले सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खान ने इस बार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया है। बुंदेलखंड में राहुल गांधी की पदयात्रा को लेकर आजम खान ने चुटकी लेते उन्हें लैमन ड्रॉप्स और टॉफी चूसने की नसीहत दी है।
राहुल के बुंदेलखंड दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर आजम ने शनिवार को कहा कि वे (राहुल गांधी) आजकल बहुत कूद-फांद कर रहे है और काफी थक भी जाते हैं। इसलिए उन्हें अपने साथ थोड़ी लैमन ड्रॉप और टॉफियॉ वगैरह ले जाना चाहिए। जिसे वे खुद भी चूसा करें और बच्चों को भी बांटें। आजम ने कहा कि जिस तरह की उनकी छवि है मुल्क उन्हें सीरियसली लेता ही नहीं है। नेताजी को 'वॉर क्रिमिनल' कहना निंदनीय
नेहरू द्वारा सुभाषचन्द्र बोस पर लिखी गयी चिट्ठी पर भी आजम ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए कहा कि नेहरू जी ने सुभाषचन्द्र बोस को वॉर क्रिमिनल कहा, यह चौंकाने वाली बात है। आजम ने कहा कि दूसरे विश्वयुद्ध का अपराधी मुसोलनी से सुभाष चन्द्र बोस की तुलना करना अफसोसजनक है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
पीएम मोदी पर भी साधा निशाना
इस दौरान आजम खान ने पीएम मोदी के रैली के दौरान भावुक होने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छी बात है ऐसे सभी मौकों पर भावुक हो जाना चाहिए। मोदी जी को गुजरात, मुज़फ्फरनगर और दादरी के मामले पर भी भावुक होना चाहिए था। आजम ने यह भी कहा कि भावुकता का मापदंड एक होना चाहिए क्योंकि वो सबके प्रधानमंत्री है।

