घूसकांड में फंसे पूर्व डीजी बीके बंसल और उनके बेटे ने की खुदकुशी

0
    नई दिल्ली।। घूसकांड में सीबीआई जांच का सामना कर रहे कॉर्पोरेट अफेयर मंत्रालय में डीजी के पद पर तैनात रहे बी. के. बंसल और उनके बेटे ने सोमवार को अपने घर में खुदकुशी कर ली।
     बंसल पूर्वी दिल्ली के मधु विहार के नीलकंठ अपार्टमेंट में रहते थे। बंसल पर एक दवा कंपनी से घूस लेने के आरोप में सीबीआई जांच चल रही थी। इससे पहले जुलाई में बंसल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी और बेटी ने भी इसी घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। पुलिस ने इस मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है।
     कॉर्पोरेट अफेयर विभाग में बतौर डीजी तैनात बंसल को 16 जुलाई को, मुंबई की एक कंपनी से फाइव स्टार होटल में 9 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। इस मामले में उन पर 20 लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप था, जिसमें से 11 लाख रुपये वह 16 जुलाई से पहले ही ले चुके थे।
     बंसल को जानने वालों का कहना है कि रिश्वत कांड में फंसने के बाद वह और उनका परिवार काफी दबाव में था। इसी दबाव के चलते उनकी पत्नी और बेटी ने भी आत्महत्या की थी और आज उन्होंने और उनके बेटे ने भी आत्महत्या कर ली।
    इस केस में बंसल को जेल भी जाना पड़ा था, जिसके चलते परिवार की काफी बदनामी हुई। उनकी पत्नी सत्यबाला और बेटी नेहा ने अपने सूइसाइड नोट में इसका जिक्र भी किया था। पत्नी और बेटी दोनों ने अलग-अलग सूइसाइड नोट छोड़े थे, जिसमें कहा गया था कि सीबीआई की छापेमारी से परिवार की भारी बदनामी हुई है। इस कारण अब वे जीना नहीं चाहते। हालांकि दोनों ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया था।
    इस घूसकांड में डी. जी. बंसल के फंसने के बाद पुलिस ने कई दफा उनके घर की तलाशी ली थी। इस दौरान पुलिस को उनके घर से 56 लाख रुपए बरामद हुए थे।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top