नई दिल्ली।। सरकार ने पहले ही चेतावनी दे दी थी कि जो लोग अब काला धन खपाने की कोशिश करेंगे, वो पकड़े जाएंगे. हुआ भी ऐसा ही है. दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में आयकर विभाग की टीम ने छापे मारे हैं.जानकारी के मुताबिक दिल्ली में कम से कम चार स्थानों करोल बाग, दरीबा कलां और चांदनी चौक में छापेमारी की गई. मुंबई में तीन स्थानों पर छापा मारा गया. इसके अलावा चंडीगढ़ और लुधियाना में भी छापेमारी की गई. रिपोर्ट आने तक यह पता चला था कि आयकर विभाग ने दक्षिण भारत के 2 शहरों में भी छापेमारी की कार्रवाई की है. सूत्रों के मुताबिक इनकम टैक्स विभाग को जानकारी मिली थी कि कुछ व्यापारी, ज्वेलर्स, करेंसी एक्सचेंज और हवाला कारोबारी ऊंचे मूल्य की मुद्रा पर रोक का फायदा उठाकर कम कीमत पर नोट बदल रहे हैं.
नोटबंदी का फैसला आते ही देश के कई शहरों में देर रात लोगों ने लाखों के काले धन से सोना खरीदा है. ऐसे ही कुछ ज्वेलर्स ने आम दिनों से कई गुना ज्यादा बिक्री दिखाई थी. उनके यहां आई-टी विभाग की टीम पहुंच गई. जांच हो रही है कि किसने कितने लाख का सोना खरीदा है. दिल्ली में 3-4 जगहों पर, मुंबई और कई दूसरे शहरों में छापेमारी हुई है. कई स्थानों पर कुछ दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.
कल वित्त मंत्री अरुण जेटली ने साफ कहा था कि जिन्हें जो कुछ खरीदना है खरीद लें, हमारी सब पर नजर है. हालांकि वित्त मंत्री अरुण जेटली ने गुरुवार को भरोसा दिलाया था कि टैक्स अधिकारी उन्हें परेशान नहीं करेंगे जो कम संख्या में 500-1,000 के नोट जमा कराएंगे लेकिन बड़ी राशि जमा कराने वालों के खिलाफ टैक्स कानून के तहत कार्रवाई होगी.
आयकर विभाग ने गुरुवार को दिल्ली, मुंबई और अन्य स्थानों पर छापेमारी की. विभाग को सूचना मिली थी कि 500 और 1,000 का नोट बंद होने के बाद व्यापारियों द्वारा हटाई गई करेंसी को बदलने के लिए मुनाफा काटा जा रहा है और साथ ही टैक्स चोरी की जा रही है. यह छापेमारी शाम के समय की गई. टैक्स अधिकारी चाहते थे कि भुगतान काउंटरों पर कैश इकट्ठा हो जाए, तो उनकी कार्रवाई असरदार साबित हो सके. सीबीडीटी के चेयरमैन सुशील चंद्रा ने कल सभी जांच एजेंसियों से टैक्स चोरी रोकने के लिए भारी नकदी की संदिग्ध आवाजाही और दूसरे गैरकानूनी लेनदेन पर नजर रखने को कहा था, जिसके बाद इस कार्रवाई की योजना बनाई गई.
