Breaking News
Loading...

अयोध्‍या में राम मंदिर के निर्माण की पहली ईंट गोरखपुर के मुसलमान रखेंगे

पोस्टर पर हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश।
    गोरखपुर।। योगी आदित्‍यनाथ के सीएम बनते ही यूपी की फिजा बदलने लगी है। भाजपा अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गोरक्षनाथ मंदिर में पोस्‍टर जारी कर योगी आदित्‍यनाथ को राम के अवतार के रूप में पेश किया, तो वहीं यह संदेश भी दे दिया कि अयोध्‍या में राम मंदिर के निर्माण की पहली ईंट गोरखपुर के मुसलमान ही रखेंगे।
    रामनवमी के दिन गोरखनाथ मंदिर का नजारा कुछ बदला हुआ नजर आया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में भाजपा अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा के पूर्व कार्य समि‍ति सदस्‍य इरफान अहमद और महिला मोर्चा की महानगर उपाध्‍यक्ष पद्मा गुप्‍ता के नेतृत्‍व में नमाजी टोपी पहनकर पोस्‍टर जारी किया। इस पोस्‍टर में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में हिन्‍दू-मुस्लिम भाईचारा और गंगा-जमुनी तहजीब‍ की मिसाल पेश की।
     पोस्‍टर में प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को भगवान राम के अवतार के रूप में दिखाया गया है। वहीं, सबसे ऊपर ‘अयोध्‍या में राम मंदिर के निर्माण में पहली ईंट हम रखेंगे’ स्‍लोगन लिखा गया है। इसके ठीक दाईं ओर कमल के फूल के साथ ‘योगी सरकार में हिन्‍दू, मुस्लिम सभी समान, योगी कराएं राम मंदिर का निर्माण’ स्‍लोगन लिखा गया है। उसके बाईं ओर योगी आदित्‍यनाथ की राम अवतार चित्र के साथ राम नवमी की शुभकामना का संदेश लिखा गया है.
     पोस्‍टर के बीच में ‘जा‍ति धर्म भेदभाव से ऊपर उठकर इंसानियत की बने पहचान, अयोध्‍या में कराएं भव्‍य राम मंदिर का निर्माण’ स्‍लोगन लिखा गया है। वहीं ऊपर बाईं ओर इरफान अहमद का फोटो और नीचे मोर्चा के कार्यकर्ता नबी हसन, रिजवान अली, जावेद अहमद, अनिल मोदनवाल, संजय कुमार ने नमाजी टोपी के साथ अपनी फोटो चस्‍पा की है।
     इस संबंध में भाजपा अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्य समिति सदस्‍य इरफान अहमद का कहना है कि वह इस पोस्‍टर के माध्‍यम से शांति का संदेश देना चाहते हैं। उन्‍होंने कहा कि उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भगवान श्रीराम के अवतार हैं. इसके साथ ही उन्‍होंने यह भी कहा कि अयोध्‍या में भव्‍य राम मंदिर के निर्माण की पहली ईंट गोरखपुर के मुसलमान रखेंगे और हिन्‍दू-मुस्लिम भाईचारा का संदेश देंगे।
     वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की महानगर उपाध्‍यक्ष पद्मा गुप्‍ता ने कहा कि अल्‍पसंख्‍यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रामनवमी को पोस्‍टर जारी कर संदेश दिया है। वह उनके इस प्रयास कि अयोध्‍या में भव्‍य राम मंदिर बनें, उनके साथ हैं। यदि देश और प्रदेश में हिन्‍दू-मुस्लिम एक साथ मिलकर रहेंगे तो पूरे विश्‍व में हिन्‍दू-मुस्लिम भाईचारा का संदेश जाएगा।