बेंगलूरु।। कर्नाटक विधानसभा के चुनावी रण में राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की बौछार कर रहे हैं. बीजेपी ने आरोप लगाया कि कर्नाटक का प्रशासन उसे खुलकर चुनाव प्रचार करने नहीं दे रहा और वह चुनिंदा तरीके से नियमों को लागू कर रहा है ताकि 12 मई को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों में सत्ताधारी कांग्रेस के पक्ष में स्थितियां बनाई जा सकें.
बीजेपी के सीनियर नेता भूपेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन बीजेपी नेताओं के कार्यक्रमों को मंजूरी नहीं दे रहा है. यहां तक कि उन्हें अपने पोस्टर और बैनर लगाने की इजाजत भी नहीं दी जा रही है. उन्होंने बताया कि इस बारे में चुनाव आयोग में एक शिकायत दर्ज कराई गई है.
भाजपा के कर्नाटक मामलों के प्रभारी महासचिव मुरलीधर राव ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को बीआर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की इजाजत नहीं दी गई और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी के झंडे फहराने की भी अनुमति नहीं है.
