Translate News:
मौके पर खूब चले लाठी-डंडे और पत्थर
कौशांबी/उत्तर प्रदेश।। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद में कांग्रेस के प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा ही एक दूसरे पर जमकर लाठियां और ईंट-पत्थर फेंके जाने के समाचार है। मौके पर कांग्रेसियों ने एक दूसरे को ही लाठी-डंडे और लात-घूसों से कूट दिया। दो गुटों में हुई इस भिड़ंत के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पद यात्रा में अराजकता की वजह से कई राहगीर और दुकानदार भी खासे परेशान हुए। इस दौरान कई लोगों को चोट आने के भी समाचार है, वही मौके पर हुई मारपीट से किसी का ठेला भी पलट गया है।
बताया जा रहा है कि पार्टी में पीसी सदस्य और पूर्व प्रधान के 2 गुट पद यात्रा के दौरान प्रदेश प्रभारी अजय राय के साथ चलने को लेकर आपस में भिड़ गए। मामले में एएसपी समर बहादुर ने बताया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मुख्य अतिथि के साथ चलने को लेकर कांग्रेसियों के दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मारपीट कर अराजकता फैलाने वाले 2 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है। पूरा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे का है। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरह ही प्रादेशिक स्तर पर स्थानीय कांग्रेस नेता अपने-अपने जिले में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं।
इसी क्रम में जिले के भरवारी नगर पालिका के रोही बाईपास कसे भरवारी कस्बा होते हुए कांग्रेस नेताओं ने पद यात्रा निकाली थी। यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय राय कर रहे थे। बाईपास से शुरू होकर यात्रा भरवारी रेलवे फाटक के पास पहुंची।
इसी दौरान कांग्रेस के पीसीसी सदस्य और प्रयागराज के हटवा के पूर्व प्रधान के समर्थक अजय राय के साथ चलने के लिए आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान सड़क पर कांग्रेसियों ने जमकर एक दूसरे पर लाठी-डंडे और पत्थर बरसाए, जिसकी वजह से अफरा-तफरी मच गई। एएसपी ने कहा कि वीडियो फुटेज के आधार पर बाकी लोगो की पहचान कर तहरीर मिलने पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

