डाकघर की अनोखी पहल: अब रक्षाबंधन पर राखी के साथ मिठाई और गंगाजल भी पहुंचेगा भाइयों के पास
कुशलगढ़ / बांसवाड़ा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दूर-दराज बैठे भाइयों तक स्नेह का धागा भेजने के लिए भारतीय डाक विभाग ने एक शानदार और सुविधाजनक नवाचार किया है। अब बहनें अपने भाइयों को केवल राखी ही नहीं, बल्कि उनके लिए मिठाई और पवित्र गंगाजल भी डाकघर के जरिए आसानी से भेज सकेंगी।
बहनें अपनी राखी को बारिश के मौसम में सुरक्षित भेजने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफों का उपयोग कर सकती हैं। इसके अलावा, मिठाई को सही-सलामत और सुरक्षित स्थिति में पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष डिजाइन किए गए मजबूत बॉक्स भी उपलब्ध कराए हैं। धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए डाकघर में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे बहनें राखी के साथ भाइयों को उपहारस्वरूप भेज सकती हैं।
डाकघर के राकेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि त्योहार को देखते हुए इन विशेष लिफाफों और डिब्बों की भारी मांग बनी हुई है। डाकघर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बहनें पहुंचकर अपने दूर रहने वाले भाइयों के लिए राखी और मिठाई बुक करवा रही हैं। समय पर और सुरक्षित डिलीवरी की इस सुविधा से बहनों में काफी उत्साह है और उन्हें अपने दूर-दराज रहने वाले भाइयों तक रक्षासूत्र भेजने में बड़ी सहूलियत मिल रही है।

