Red handed arrest उदयपुर में घूसखोर मंडी कर्मचारी ट्रैप: ट्रैक्टर न रोकने और चालान से बचाने के नाम पर वसूल रहा था बंधी

0

ACB की बड़ी कार्रवाई : उदयपुर में कृषि उपज मंडी का कर्मचारी 24 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर/उदयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी सवीना (उदयपुर) के कार्मिक मनोहरलाल को 24,000 रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर अंजाम दी गई।

घूसखोर पर शिंकजा उदयपुर में ACB ने मंडी कर्मचारी को रिश्वत लेते दबोचा

व्यापारियों को परेशान कर वसूली जा रही थी बंधी

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि पीड़ित कारोबारी कलडवास में आटा मिल का संचालन करता है। उसने एसीबी उदयपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि मंडी का कार्मिक मनोहरलाल मार्च 2026 से उसकी मिल में गेहूं लाने वाले व्यापारियों के ट्रैक्टरों को रोककर चेकिंग के नाम पर तुरंत बिल मांगने का दबाव बना रहा था। बिल न देने पर चालान काटकर व्यापार को ठप किया जा रहा था।

जब परिवादी ने इस संबंध में आरोपी से बात की, तो मनोहरलाल ने तत्कालीन मंडी सचिव मदन गुर्जर के नाम पर प्रतिमाह रिश्वत (बंधी) की मांग की। उसने भरोसा दिया कि रिश्वत देने पर गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की चेकिंग नहीं होगी, न ही चालान बनाए जाएंगे और न ही राजस्थान कृषि उपज मंडी नियमों के तहत पेनल्टी लगाई जाएगी।

पहले भी वसूल चुका था 65 हजार रुपये

शिकायत के मुताबिक, आरोपी मनोहरलाल पूर्व में अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि के लिए परिवादी से 65,000 रुपये की रिश्वत ऐंठ चुका था। इसके बाद वह अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 तक के बकाया 4 महीनों के लिए फिर से रिश्वत राशि देने का दबाव बना रहा था।

मांग का हुआ सत्यापन, बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने पर एसीबी की टीम ने रिश्वत की मांग का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोप पूरी तरह सही पाए गए। इसके बाद एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा एवं ट्रैप टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी मनोहरलाल ने परिवादी से 24,000 रुपये नकद स्वीकार किए, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

अग्रिम अनुसंधान जारी

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top