बेगूसराय: मिलने गए 22 साल के नीतीश की एक रात में बदली दुनिया, बने पति और एक बच्ची के पिता
बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय जिले से एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जहां प्यार में मिलने की एक गलती ने 22 साल के युवक की जिंदगी का पूरा ट्रैक ही बदल दिया। रात के अंधेरे में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को परिजनों ने पकड़ लिया और देखते ही देखते शादी के मंडप में बैठा दिया। एक ही रात में 22 साल का युवक न केवल शादीशुदा बन गया, बल्कि एक बच्ची का पिता भी बन गया।
2 महीने का प्यार और रात का 'सरप्राइज'
पूरा मामला बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय नीतीश कुमार का पड़ोस में रहने वाली 32 वर्षीया एक नर्स से पिछले दो महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला पहले से शादीशुदा थी और उसकी एक मासूम बच्ची भी है। कुछ समय से महिला का अपने पहले पति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह अलग रह रही थी।
बीती रात नीतीश अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। लेकिन इस बात की भनक महिला के परिजनों (भाई-बहन) को लग गई। जैसे ही दोनों एक साथ मिले, परिजनों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
न हंगामा, न पुलिस... सीधे बुलाए गए पंडित जी
आमतौर पर ऐसे मामलों में मारपीट या पुलिस के पास जाने की नौबत आती है, लेकिन यहां परिजनों ने एक अलग ही रास्ता चुना। बिना किसी हंगामे के रात में ही पंडित जी को बुलाया गया, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों की वरमाला कराई गई और मांग भरी गई।
सुबह होते-होते नीतीश कुमार अपनी नई-नवेली पत्नी और एक बच्ची की जिम्मेदारी के साथ अपने घर लौटे।
इलाके में चर्चा का विषय
इस अनोखी शादी की खबर जैसे ही गांव और आसपास के इलाकों में फैली, लोगों का तांता लग गया। स्थानीय लोग इसे 'पकड़ुआ विवाह' का नया और आधुनिक रूप बता रहे हैं। फिलहाल, यह शादी पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बनी हुई है।

