प्रतापगढ़ में ACB का बड़ा धमाका: 6 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, जेब से मिले 25 हजार रुपये
प्रतापगढ़ : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवार मण्डल रोहणिया के पटवारी मदन लाल को 6,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 25,068 रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद हुई है, जिसके संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर मांगी थी घूस एसीबी महानिदेशक (पुलिस) गोविंद गुप्ता के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रतापगढ़ एसीबी चौकी पर एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि पटवारी मदन लाल उसके और उसके परिवार के 3 पट्टों को ऑनलाइन करने और मौका मुआयना करने की एवज में प्रति पट्टा 2,000 रुपये (कुल 6,000 रुपये) रिश्वत की मांग कर परेशान कर रहा था।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।
जाल बिछाकर की गई कार्रवाई एसीबी उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को ट्रैप की योजना बनाई। परिवादी जैसे ही रिश्वत की राशि 6,000 रुपये लेकर पहुंचा, एसीबी टीम ने पटवारी मदन लाल को रंगे हाथों दबोच लिया।
अतिरिक्त महानिदेशक (पुलिस) स्मिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आरोपी पटवारी से आगे की पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई जारी है। एसीबी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाएगी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की अपील
किसी भी विभाग में रिश्वत मांगे जाने पर एसीबी के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर 24×7 संपर्क करें।
एसीबी में दर्ज किसी भी प्रकरण में संबंधित व्यक्ति सीधे संपर्क कर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है, जिसका परीक्षण कर निष्पक्ष अनुसंधान किया जाता है।

