रक्षाबंधन पर बांसवाड़ा महिला पुलिस की अनोखी पहल: भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र, सिर पर सजाया सुरक्षा का 'रक्षा कवच'
बांसवाड़ा, राजस्थान : भाई-बहन के पवित्र और अटूट रिश्ते का पर्व 'रक्षाबंधन' पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस पावन अवसर पर बांसवाड़ा में महिला पुलिस द्वारा एक बेहद अनूठी और सराहनीय पहल देखने को मिली। भाई की लंबी उम्र और उनके सुरक्षित सफर की कामना करते हुए महिला पुलिसकर्मियों ने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उपहार स्वरूप उन्हें सिर की सुरक्षा का 'रक्षा कवच' यानी हेलमेट पहनाया।
पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
महिला पुलिसकर्मियों ने भाइयों से भावुक अपील करते हुए कहा— "घर पर आपकी बहन और परिवार आपका इंतजार कर रहा है। इसलिए जब भी बाइक चलाएं, हेलमेट जरूर पहनें और यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।"
(फ़ोटो साभार: राजश्री हाड़ा, महिला हेड कांस्टेबल एवं बांसवाड़ा पुलिस टीम)

