नए कोर्ट परिसर में मूलभूत सुविधाओं का अकाल: 500 से अधिक वकीलों का हल्लाबोल, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
बांसवाड़ा, राजस्थान : नए कोर्ट परिसर में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी और अव्यवस्थाओं से आक्रोशित 500 से अधिक अधिवक्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। वकीलों का आरोप है कि नए परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें हर दिन काम करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि नए कोर्ट भवन का भव्य उद्घाटन हुए लगभग एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन आज तक अधिवक्ताओं के लिए बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं कराई जा सकी हैं।
प्रदर्शन के दौरान बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (BCR) के मेंबर सतीश खांडल, बांसवाड़ा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेन्द्र पुरोहित एवं पूर्व अध्यक्ष मनोज सिंह चौहान ने बताया कि कोर्ट परिसर में सुविधाओं के अभाव को लेकर वकीलों में भारी रोष है। आंदोलन के तहत वकीलों की कोर कमेटी ने सेशन न्यायाधीश से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के त्वरित निस्तारण की पुरजोर मांग रखी।
सेशन न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं की बातों को सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं, अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का स्थाई निस्तारण नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।

