उदयपुर नगर निगम चुनाव: ‘पहले विजन बताएं, फिर वोट मांगें’ — सिटीजन सोसायटी ने भाजपा-कांग्रेस से मांगा 5 और 10 साल का रोडमैप
उदयपुर। आगामी नगर निगम चुनाव की आहट के साथ ही उदयपुर सिटीजन सोसायटी ने शहर के विकास को लेकर एक बड़ी पहल की है। सोसायटी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस—दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से केवल बोर्ड और मेयर बनाने का दावा करने के बजाय अगले 5 और 10 वर्षों का स्पष्ट, समयबद्ध और मापने योग्य (measurable) विजन डॉक्यूमेंट जनता के सामने रखने की मांग की है।
सोसायटी के अध्यक्ष क्षितिज कुम्भट, सदस्य निर्मल नागर और भगवान सिंह भाटी ने शहर के बुनियादी मुद्दों पर केंद्रित एक विस्तृत मांग-पत्र जारी करते हुए राजनीतिक दलों से वार्डवार विकास योजनाओं की रूपरेखा सार्वजनिक करने को कहा है।
सिटीजन सोसायटी द्वारा मांगे गए मुख्य रोडमैप:
वार्डवार विकास योजना: केवल सामान्य वादों के बजाय प्रत्येक वार्ड की प्राथमिकताओं के आधार पर स्पष्ट विकास कार्य योजना जारी की जाए।
इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर: बार-बार सड़क खोदने की समस्या को रोकने के लिए 'अंडरग्राउंड यूटिलिटी' और 'एकीकृत सड़क योजना' बनाई जाए। साथ ही सड़कों, फुटपाथों, पार्किंग, ब्लैक स्पॉट्स और ट्रैफ़िक व्यवस्था के दीर्घकालिक समाधान प्रस्तुत किए जाएं।
झीलों और आयड़ नदी का संरक्षण: झीलों और आयड़ नदी में गिरते गंदे पानी को पूरी तरह रोकने, सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने और जल स्रोतों के वास्तविक पुनर्जीवन की समयबद्ध योजना स्पष्ट की जाए।
अतिक्रमण और आवारा पशु: सिटी रेलवे स्टेशन के सामने से अतिक्रमण हटाने की समय सीमा, सड़कों पर बढ़ते ठेलों, वेंडिंग ज़ोन और आवारा पशुओं की समस्या का व्यवस्थित और मानवीय समाधान दिया जाए।
मास्टर प्लान 2031 और पब्लिक ट्रांसपोर्ट: मास्टर प्लान 2031 को प्रभावी ढंग से लागू करने और नागरिकों के लिए सस्ती, सुरक्षित व सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का रोडमैप तैयार किया जाए।
हरित उदयपुर: शहर में ऑक्सीजन लेवल सुधारने और 'अर्बन ग्रीन स्पेस' (शहरी हरित क्षेत्र) विकसित करने की योजना बनाई जाए।
‘मेयर बनाने से आगे बढ़कर उदयपुर के भविष्य की सोचें दल’
सोसायटी अध्यक्ष क्षितिज कुम्भट ने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल बोर्ड बनाने की प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि उदयपुर के अगले दशक का भविष्य तय करने का अवसर है। जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनके शहर का विकास कौन, कैसे, कितने समय में और किन संसाधनों के दम पर करेगा।
सोसायटी ने स्पष्ट किया कि यह मांग पूरी तरह से गैर-राजनीतिक और जनहित में है। यदि राजनीतिक दल अपना 5 और 10 साल का विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट जनता के सामने रखते हैं, तो नागरिक योजनाओं की तुलना करके शहर के हित में एक सही और पारदर्शी निर्णय ले सकेंगे।

