उदयपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान दर्दनाक हादसा: पटाखा फोड़ते समय 22 वर्षीय युवक की मौत
उदयपुर। शहर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी पर्व के पावन अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जुलूस के दौरान पटाखा फोड़ते समय एक 22 वर्षीय युवक की दुखद मौत हो गई। घटना के बाद खुशी के माहौल में मातम पसर गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक युवक की पहचान उदयपुर के रेलवे कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलमान (22) पुत्र मोहम्मद अनवर के रूप में हुई है।
मिनी स्टील गन से पटाखा फोड़ते समय हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुलूस की आतिशबाजी के दौरान मोहम्मद सलमान मिनी स्टील गन में 'आलू बम' नाम का पटाखा रखकर उसे फोड़ने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान अचानक मिनी स्टील गन का ढक्कन तेज प्रेशर और गति के साथ छिटककर सीधे सलमान की गर्दन पर जा लगा।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम गर्दन पर भीषण चोट लगते ही सलमान वहीं लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे आनन-फानन में उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
