Breaking News
Loading...

चोर-बाज़ार, जो आपको मंहगाई में दिलाएंगे सस्ते का मज़ा

     मॉल और बड़े-बड़े शोरूम की पहुंच से थोड़ी दूर एक बाज़ार होता है. यहां अमीर, गरीब दोनों लोग बेबाक होकर बिना अपनी जेबों में झांके शॉपिंग करते हैं. पर क्या होगा अगर ये भी आपकी पहुंच से दूर हो जाये. या आपको चीज़ मंहगी ही चाहिए वो भी बिना उतने पैसे खर्च किये, तो इसका भी एक इलाज है. हर चीज़ कहीं ना कहीं जाकर सस्ती हो ही जाती है. जी हम बात कर रहे हैं चोर-बाज़ार के बारे में. बिलकुल ये बाज़ार वास्तव में होता है. ये बाज़ार ऐसे सामानों को बेचने की जगह होते हैं, जो चोरी की होती है.
      यहां चोरी की प्राचीन वस्तुएं और कम्पनी से निकले Defected Peices सस्ते में मिल जाते हैं. इनमें से कुछ जगहों पर विशेष वस्तुओं की भी क्रय-विक्रय होता है. कुछ जगहों पर तो दुनिया की हरेक चीज़ मिल जाएगी.
हम बताते हैं आपको भारत और विदेशों के कुछ चोर-बाज़ारों का पता. यहां आप बिना अपनी जेब पर ज़्यादा बोझ डाले शॉपिंग कर सकते हैं.
भारतीय चोर बाज़ार
1. मटन वाली गली, मुंबई
     अगर आपने अब तक मुंबई के चोर बाज़ार के बारे में नहीं सुना, तो वाकई में आपकी दुनिया आपके घर तक ही सीमित है. ये देश के सारे चोर-बाज़ारों का बाप है. इसका इतिहास 150 साल पुराना है. इसका नाम पहले शोर बाज़ार था, पर अंग्रेज़ों द्वारा गलत उच्चारण करने से यह चोर-बाज़ार हो गया. इस पर नए नाम का पूरा असर हुआ, जल्द ही ये चोरों द्वारा बेचे गए माल का सबसे बड़ा अड्डा हो गया. यहां अब आप हर तरह की चीज़ पा सकते हैं और वो भी अपने बजट में. और हां! अगर आपका कोई चोरी हुआ सामान यहां दिख जाये, तो चौंकिएगा मत.
2. चिकपेट मार्किट, बैंगलूर
     ये बैंगलूर के बहुत कम जानी जाने वाली जगहों में से एक है. पर ये बैंगलूर का सबसे पुराना कमर्शियल हब है. रविवार को यहां विदेशी कंपनियों के बने सामान भी आसानी से मिल जाते हैं. शुरुआत में ये बाज़ार सिल्क की साड़ियों के लिए मशहूर था, जो उस ज़माने में राजशाही का प्रतीक हुआ करती थीं. चिकपेट प्राचीन वस्तुओं को भी बहुत सस्ते में बेचे जाने के लिए फेमस है. आप यहां जी भर कर मोल-भाव कर सकते हैं. इस मार्केट में बहुत-सी सिल्क की साड़ियों की दुकानें हैं. अगर ये महंगी साड़ियां आपको यहीं से सस्ते में चाहिए, तो वो चोर बाज़ार भी यहीं है. इस बाज़ार में आपके मोल-भाव करने की क्षमता की सही पहचान होती है.
3. चांदनी चौक, पुरानी दिल्ली
      अगर आप कभी चांदनी चौक गए हैं, तो आपको पता होगा कि ये जगह अपने आप में एक दुनिया है. दुनिया में ऐसी कोई भी चीज़ नहीं, जो यहां की तंग गलियों में ना मिल पाए. हर मोड़ नया बाज़ार लाता है. लाल किले से बस थोड़ी ही दूर दिल्ली के चोरों का अड्डा चोर बाज़ार सजता है. ये जगह वैसे तो कपड़ों और हार्डवेयर सामानों के लिए मशहूर है. फैशन से प्यार करने वाले ऐसे लोग जिनको पैसों की कमी है, उनके लिए ये परफेक्ट जगह है.
    आप यहां Woodland, Zara, Clarke's और Steve Madden जैसे ब्रांडेड प्रोडक्ट्स अविश्वसनीय कीमत पर पा सकते हैं.
4. सोती गंज, मेरठ
      अगर आप अपनी प्रेमिका से ज़्यादा बाइक और कार से प्यार करते हैं, तो जनाब ये जगह आपके लिए है. गियर, फ्यूल टैंक या ऑटोमोबाइल्स से जुड़े कोई भी पार्ट्स यहां आसानी से मिल जाते हैं. दिल्ली, नॉएडा से चोरी हुए कार के पार्ट्स इसी जगह लाकर बेचे जाते हैं. मारुती 800 से लेकर रोल्स रोयस सबके स्पेयर पार्ट्स यहां मिल सकते हैं. सबसे कूल बात तो ये है कि यहां आप किसी रिटायर्ड फौजी की ओपन जीप 30 हज़ार रूपये में पा सकते हैं. फिर अपने हिसाब से इसे डिज़ाइन करा कर लीजिये मजा अपनी सवारी का.
5. पुदुपेट मार्केट, चेन्नई
      साउथ में ऑटोमोबाइल लवर्स के लिए ये बेहतरीन जगह है. यहां आपको स्पेयर पार्ट्स से लेकर असेंबल्ड और कस्टमाइज्ड गाड़ियां मिल जाएंगी. यहां के वेंडर्स की पहुंच विदेशी बाज़ारों तक है, बस इसी बात से आप इस बाज़ार के प्रभाव को जान सकते हैं.
     ये बिलकुल बॉलीवुड की फ़िल्मों में दिखाए जाने वाले विलेन के उस बाज़ार की तरह होता है, जहां चोरी की गाड़ियों का बिज़नेस और स्मग्लिंग होती है. पर आप घबराइए मत, जब तक आप वहां किसी से उलझते नहीं हैं, तब तक आप सुरक्षित हैं.
विदेशी चोर बाज़ार
1. Les Puces de Saint - Paris, France
     Les Puces दुनिया के पुराने बाज़ारों में से एक है. इसके शुरुआत की कहानी बहुत दिलचस्प है. एक चोर डर से चोरी का माल यहां शहर के बाहर छोड़ गया था. तभी शहर के व्यापारी चोरी के माल को सस्ते दामों पर बेचने लगे, तब से ये इन दुकानदारों का एक अड्डा बन गया. इस मार्केट का फैलाव भी बहुत ज़्यादा है, पेरिस जैसे सुंदर शहर के बीचों-बीच सूर्य की रौशनी में यहां शोपिंग करने का अलग ही मजा है.
2. Lascar Row, Hong Kong
      चीन की हरी-भरी प्राचीन संस्कृति से हम सभी परिचित हैं. अगर आप भी अपने लिविंग रूम को ऐसे ही प्राचीन अमानतों से सजाना चाहते हैं, तो ये सबसे अच्छी जगह है. यहां पर बहुतायत नकली चीन की प्राचीन धरोहर मिल जाएंगी. अगर आप खुशकिस्मत हुए, तो इसी से आगे कैट मार्केट के नाम से प्रसिद्ध जगह पर ओरिजिनल भी मिल जाएंगे. पहले इस जगह पर कोई क्राइम करने के बाद छिपने या माल का बंटवारा करने ही आता था, धीरे-धीरे ये जगह एक बाज़ार बन गयी. ये होन्ग-कोंग के फेमस टूरिस्ट जगहों में से एक है.
3. Cave Creek's Thieves Market, Arizona, US
    बाकी सब बाज़ारों की भांति ये सदाबहार चोर बाज़ार नहीं है. ये एक सीजनल मार्केट है, जो अक्टूबर से मई महीने तक के लिए Arizona के Downtown Caves Creek में लगता है. यहां के वेंडर बहुत ही असभ्य तरीके से सामान बेचते हैं. यहां आप ज़रूरत के सामान के साथ-साथ सजावट और अन्य उपयोग की सारी चीज़ें कम कीमत पर खरीद सकते हैं.
     ये एक छोटे त्यौहार की तरह होता है, जहां फ़ूड के स्टाल्स, बहुत-से शॉपिंग के विकल्प होते हैं. एक बार इसमें शामिल होना, ज़िंदगी भर के लिए यादगार अनुभव बन जाता है.
4. Feira da Ladra, Lisbon
     Feira da Ladra का हिंदी में अनुवाद होता है, चोर-बाज़ार. ये मार्केट मध्ययुग में चोरी के सोने को बेचने के लिए बनाया गया था. कुछ ही सालों में वास्तविक मूल्य के कारण इस मार्केट का नाम हो गया. ये बहुत भीड़-भाड़ वाली जगह है. दुनिया के हर जगह की नायब मूर्तियां, तस्वीरें और अन्य ऐसे ही कई एंटिक चीज़ें इस बाज़ार को पर्यटन का केंद्र बनाती हैं. इस मार्केट को देखकर मुंबई की गंदी गलियों की याद ताज़ा हो जाती है.
5. Khlong Thom, Bangkok
     सब बाजारों से बिलकुल अलग ये रात का बाज़ार है. ये बाज़ार यहां की सारी बुरी हरकतों पर पर्दा डालने का काम करता है. आप यहां आसानी से चोरी का कोई भी माल सस्ते में पा सकते हैं. इस मार्केट का सबसे अच्छा हिस्सा है इसका इलेक्ट्रॉनिक मार्केट. अगर आप में इतनी हिम्मत है कि आप बाज़ार के अंदर जा सकते हैं, तो आपको बहुत लुभावने डिस्काउंट मिल जाएंगे. Khlong Thom आने का एक और कारण ये है कि आप पिछले सीजन के ब्रांडेड कपड़े यहां सस्ते में पा सकते हैं.
    अब हमने तो आपको बता दिया, पर आपकी सुरक्षा की ज़िम्मेवारी आपकी है. इससे पहले कि आप ऐसी जगहों पर थोड़े पैसे बचाने के लालच में जायें, भली-भांति जांच लें. जोखिम लेने से अच्छा है कि सावधानी बरती जाये, वरना आपकी जेब पर कलाकारी दिखाने वाले कलाकार भी यहां बड़ी संख्या में मिल जाएंगे. इसलिए "खतरे से मंहगाई भली".