Breaking News
Loading...

आज 17 करोड़ की साड़ी, 90 करोड़ की ज्‍वेलरी पहन ब्‍याही जाएगी ‘नेेताजी’ की बिटिया

     पटना।। आज बुधवार को देश कुछ और भी देखने को तैयार है. कई दिनों से चार हजार रुपयों के बदलान के लिए लग रही लाइन आज भी देश भर में देखने को मिलेगी . बैंक में रुपये आज भी घट सकते हैं. एटीएम शायद पैसे न फेंकें. लेकिन आज की शाम घपले-घोटालों में जेल की हवा खाकर बाहर आए कर्नाटक के नेेताजी जी जनार्दन रेड्डी की बिटिया ब्राह्मिणी 17 करोड़ की साड़ी और नब्‍बे करोड़ की ज्‍वेलरी पहन कर ब्‍याही जाएगी. काली कमाई से अकूत पैसा जमा करने वाले रेड्डी पहले भाजपा की कर्नाटक सरकार में भाई समेत मंत्री थे. अभी बीएसआर के साथ हैं . जेल से 2015 में ही बाहर आए हैं. कहा जा रहा है कि रेड्डी अपनी बेटी की शादी में कुल 500 करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं. कई दिनों से पार्टी चल रही है. दूसरी बात है कि मीडिया की निगहबानी के कारण पहले आने को तैयार कई वीवीआईपी आज शादी में शामिल होने के वायदे से मुकर चुके हैं. राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की सांसद बेटी मीसा भारती ने इस शादी पर सवाल खड़े किए हैं और पूछा है कि काला धन के खिलाफ कार्रवाई आज कहां गुम है ?
      आपराधिक-राजनैतिक ताकत का इस्‍तेमाल कर रेड्डी बंधु ने इतना बड़ा आर्थिक इंपायर महज 18 वर्षों में खड़ा कर लिया है. 1998 में इनकी चिटफंड कंपनी 200 करोड़ रुपयों की देनदारी में डूबी थी. लेकिन इसके बाद माइनिंग में तो छप्‍पड़ फाड़ कर कमाई की. माइनिंग का पहला परमिट कांग्रेस के राजपाट में मिला था. अनुमान करें 200 करोड़ की देनदारी में डूबे रेड्डी ने ठीक दस साल बाद 1.8 बिलियन की संपत्ति घोषित की. भाजपा की येदुरप्‍पा सरकार में रेड्डी बंधु मंत्री बन गये. सीबीआई की जद में आए तो मंत्री पद गई. सितंबर,2011 से जनवरी,2015 तक जेल में रहे. पर आज होने जा रही बिटिया ब्राह्मिणी की महाशाही शादी से स्‍पष्‍ट है कि सीबीआई भी इस रेड्डी का कुछ बिगाड़ नहीं सकी.
2016 की सबसे महंगी 500 करोड़ की है शादी
      वीवीआईपी मेहमानों के लैंड करने के लिए 15 हेलीपैड बनाये गये हैं. बालीवुड के कई स्‍टार्स परफार्म करने के लिए आ रहे हैं. वैसे कार्यक्रम तो पिछले कई दिनों से चल रहे हैं. 30000 मेहमान शिरकत करेंगे. सारे फाइव स्‍टार होटल बुक हैं. कोई 1500 कमरे विशेष हैं. शादी का कार्ड एलसीडी के जरिये भेजा गया था; यह कार्ड जैसे ही मिलने वाले ने खोला, वीडियो चलना शुरु हो गया,जिसमें रेड्डीी परिवार एक गाने के साथ लोगों को शादी का न्‍योता दे रहा था. वरमाल के समय रेड्डी की बिटिया ब्राह्मिणी जो साड़ी पहनेगी,उसकी कीमत 17 करोड़ बताई जा रही है. कुछ लोग इसे भारत की सबसे महंगी वेडिंग साड़ी का दर्जा भी दे रहे हैं.
गांव का सेट बना है, साथ में महल तो है ही
      शादी के लिए महल के बीच गांव का सेट बना है. इसके अलावा यहां एक गांव, एक प्रदर्शनी, एक महल और हंपी के मशहूर रथ का माडल बनाया गया है. मेहमानों को जहां खाना खिलाया जाएगा, वहां भी एक गांव का सेट है. ज्‍यादातर डिजाइन हंपी के महलों और मंदिरों की तरह बनाए गए हैं. शादी में शामिल होने को जो मेहमान आयेंगे, उन्‍हें गेट से अंदर लग्‍जरी बैलगाडि़यों में ले जाया जाएगा. फिर उन्‍हें अपनी सीट तक पहुंचाने के पहले पूरे विवाह परिसर की सैर कराई जाएगी. विजयनगर राज्‍य में बने मंदिरों की प्रतिकृति को यहां दिखाया जाएगा .
शादी के वक्‍त भारत की आम जनता क्‍या कर रही होगी
    पांच सौ करोड़ की यह शादी जब बंगलोर में संपन्‍न हो रही होगी, तब भी कर्नाटक-बिहार समेत पूरे देश में आम जनता चार हजार रुपये के बदलान अथवा एटीएम से 2500 रुपयों की निकासी के लिए घंटों लाइन में लगी होगी. लाइन में जनता ही लगती है, जो बड़े लोग हैं और जिनके पास काला धन होने की बात कही जा रही थी, भारत के किसी कोने में वे अब तक कहीं लाइन में खड़े नहीं दिखे हैं .‘