तेज रफ्तार बाइक सवार ने मासूम को मारी जोरदार टक्कर, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर; पूरी वारदात CCTV में कैद
बांसवाड़ा/राजस्थान।। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पाटन पुलिस थाना क्षेत्र के मोहकमपुरा गांव में सोमवार सुबह एक बेलगाम और तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क किनारे खड़े 7 वर्षीय मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात गांव में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
हादसे में मासूम के जबड़े और शरीर पर आई गंभीर चोटें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहकमपुरा निवासी पप्पू कनीपा का 7 वर्षीय पुत्र राधेश्याम सुबह घर के पास था, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही मासूम लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसे की भनक लगते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
परिजन आनन-फानन में घायल राधेश्याम को कुशलगढ़ के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि मासूम के जबड़े और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसे कई टांके भी लगे हैं। गनीमत यह रही कि बाइक बच्चे के ऊपर से नहीं गुजरी, अन्यथा कोई बड़ा अनर्थ हो सकता था।
पुलिस के दावों की खुली पोल, बेलगाम दौड़ रहे वाहन
इस हादसे ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस आए दिन हेलमेट और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का ढिंढोरा तो पीटती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। पाटन पुलिस थाना क्षेत्र में बिना हेलमेट के और कम उम्र के लड़कों द्वारा तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाना आम बात हो चुकी है। स्थिति यह है कि पुलिस अगर 'डाल-डाल' है, तो ये लापरवाह वाहन चालक 'पात-पात' साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग:
आक्रोशित ग्रामीणों ने पाटन पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ तुरंत एक विशेष अभियान चलाया जाए और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल, घायल मासूम राधेश्याम का इलाज बांसवाड़ा में जारी है। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

