ताकतवर चोर उठा ले गए बाईक, लाइव चोरी की घटना CCTV में कैद
बांसवाड़ा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम कॉलोनी में बेखौफ बदमाशों द्वारा दुस्साहसिक तरीके से वाहन चोरी करने का मामला सामने आया है। रविवार सुबह तड़के 5 बजे घटित हुई इस वारदात में तीन बदमाश एक बाइक को बिना चलाए सीधे हाथों में उठाकर ले जाते दिखे। पूरी घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 2 बजे खड़ी की थी गाड़ी, तड़के गायब मिली मुस्लिम कॉलोनी निवासी पीड़ित बिलाल मोहम्मद ने पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि उनकी ब्लैक कलर की हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल रविवार रात करीब 2 बजे घर के बाहर पार्किंग एरिया में सुरक्षित खड़ी थी। सुबह करीब 5 बजे जब वे जागे तो बाइक अपने स्थान पर नहीं मिली।
CCTV में दिखे 3 बदमाश, इलाके में तलाश भी रही बेनतीजा बाइक गायब होने के बाद पीड़ित ने आसपास के इलाकों, घरों व दुकानों के बाहर काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं लगा। जब पास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें तीन चोर बाइक को उठाकर ले जाते हुए साफ दिखाई दिए।
पीड़ित ने बताया कि यह घटना उनके लिए आर्थिक क्षति के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद चिंताजनक है। पीड़ित ने कोतवाली थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाकर चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने और बाइक बरामद करने की गुहार लगाई है।

