Breaking News
Loading...

Sachin Pilot पायलट का 'पावर शो': बुलडोजर से पुष्पवर्षा, तीर-कमान थामे दिखे सचिन पायलट

0

 

धमाकेदार स्वागत: जनजाति अंचल में सचिन पायलट का जलवा, युवाओं का उमड़ा सैलाब, बुलडोजर से हुई फूलों की बारिश

बांसवाड़ा/राजस्थान राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट के बांसवाड़ा जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान जनजाति अंचल में अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुजरात सीमा से लेकर बांसवाड़ा के विभिन्न कस्बों तक पायलट का ऐसा जोरदार और ऐतिहासिक स्वागत हुआ, जिसने राजनीति के गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इस दौरे ने साफ कर दिया कि आज भी युवाओं और आदिवासी समाज के बीच सचिन पायलट का क्रेज किस कदर बरकरार है।


कुशलगढ़ में पुण्यतिथि कार्यक्रम में हुए शामिल

सचिन पायलट मुख्य रूप से कुशलगढ़ विधायक रमिला खड़िया के दिवंगत पति हुरतेंग खड़िया की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित कर परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया और बांसवाड़ा विधायक अर्जुनसिंह बामनिया सहित जिले के तमाम बड़े कांग्रेस नेता मौजूद रहे। पूरी रैली और कार्यक्रम के दौरान नेताओं की मौजूदगी ने संगठन की मजबूत एकजुटता का संदेश भी दिया।

बुलडोजर-जेसीबी से पुष्पवर्षा और 51 किलो की माला

पायलट के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने पलक-पावड़े बिछा दिए। स्वागत का अंदाज ऐसा था कि जगह-जगह पर जेसीबी और बुलडोजर खड़े कर उनके काफिले पर भारी पुष्पवर्षा की गई। कई चौराहों पर 21 किलो तो कहीं 51 किलो की विशाल फूलों की माला पहनाकर पायलट का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। पूरे रास्ते में स्वागत द्वारों की कतार लगी रही।

तीर-कमान, हल और पारंपरिक रस्मों से आवभगत

जनजाति अंचल की संस्कृति के रंग में रंगे इस दौरे में पायलट का स्वागत देसी ढोल-कुंडी की थाप और पारंपरिक रस्मों-रिवाजों के साथ किया गया। आदिवासी परंपरा का सम्मान करते हुए स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों ने सचिन पायलट को पारंपरिक पोशाक, स्मृति-चिह्न, तीर-कमान और 'हल' भेंट किया। हल और तीर-कमान थामे पायलट की झलक पाने के लिए लोग छतों पर चढ़े नजर आए।

युवाओं में दिखा जबरदस्त जोश और जुनून

सचिन पायलट के बांसवाड़ा आगमन को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह युवाओं में देखने को मिला। 'पायलट जिंदाबाद' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में युवा अपने वाहनों के साथ उनके काफिले के आगे-पीछे चलते रहे। पूरे जनजाति क्षेत्र में उनके इस दौरे को लेकर भारी उत्साह का माहौल देखा गया, जिसने एक बार फिर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश और जुनून फूंक दिया है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)