"डबल इंजन सरकार सिर्फ धुआं दे रही है, आज चुनाव हों तो जीतेगी कांग्रेस" — सचिन पायलट का भाजपा पर तीखा हमला
बांसवाड़ा/राजस्थान।। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने अपने बांसवाड़ा दौरे के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। पायलट ने वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बड़ा दावा किया कि यदि आज राजस्थान में विधानसभा चुनाव हो जाएं, तो जनता कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताएगी।
"विकास नहीं, सिर्फ धुआं दे रही है सरकार"
मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन पायलट ने केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन' सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "प्रदेश की डबल इंजन सरकार विकास के मोर्चे पर पूरी तरह फेल साबित हुई है, यह इंजन अब सिर्फ धुआं दे रहा है।" पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियां गरीब, आदिवासी और दलित विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि जनता के संसाधनों का इस्तेमाल केवल चुनिंदा अमीर और निजी लोगों के हितों को साधने के लिए किया जा रहा है।
चंपत राय मामले और महिला योजनाओं पर उठाए सवाल
पायलट ने अपने संबोधन में राम मंदिर चंदा मामले का जिक्र करते हुए भी सरकार को घेरा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने अपने ही नियुक्त पदाधिकारी चंपत राय को "चपत" लगाने का काम किया है।
इसके साथ ही, उन्होंने महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता के मुद्दे पर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। पायलट ने पूछा, "अगर देश के अन्य राज्यों की महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकता है, तो राजस्थान की महिलाओं ने क्या गलती की है? उन्हें इस हक से क्यों वंचित रखा जा रहा है?" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी और दलित समाज के साथ सिर्फ बदले की राजनीति कर रही है।
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश
आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सचिन पायलट ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होने और आगे की रणनीति पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। जब उनसे पूछा गया कि क्या चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।
पायलट ने भाजपा पर सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विकास के दम पर नहीं, बल्कि एजेंसियों के दम पर चुनाव लड़ रही है। लेकिन, प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है और कांग्रेस आगामी चुनावों में शानदार जीत दर्ज करेगी।

