भाजपा का गढ़ ढहा, गढ़ी नगरपालिका में कांग्रेस का परचम: सुदीप पचौरी बने नए चेयरमैन, भाजपा में क्रॉस वोटिंग से खलबली
बांसवाड़ा : जिले की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली गढ़ी नगरपालिका में कांग्रेस ने अपना परचम लहरा दिया है। नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए हुए घमासान मुकाबले में कांग्रेस के प्रत्याशी सुदीप पचौरी विजयी रहे और उन्होंने चेयरमैन पद की कमान संभाल ली है।
क्रॉस वोटिंग ने बिगाड़ा भाजपा का गणित
अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में सुदीप पचौरी को कुल 14 पार्षदों का समर्थन मिला, जबकि भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुनील आचार्य को महज 11 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। भाजपा का पारंपरिक गढ़ होने के बावजूद प्रत्याशी की हार के बाद स्थानीय भाजपा खेमे में हड़कंप मच गया है और पार्टी के भीतर क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मालवीया की व्यूहरचना रंग लाई
राजनीतिक गलियारों के मुताबिक, इस चुनाव की पूरी जिम्मेदारी और रणनीति का जिम्मा पूर्व कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया के कंधों पर था। मालवीया के कुशल राजनीतिक प्रबंधन और गोटियों की बदौलत कांग्रेस बहुमत का आंकड़ा जुटाने में सफल रही।
उपसभापति पद पर नजर, पंचायती राज चुनाव से पहले बड़ा संदेश
गढ़ी नगरपालिका में कांग्रेस की इस ऐतिहासिक जीत को आगामी पंचायती राज चुनावों से ठीक पहले एक बेहद अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। चेयरमैन पद पर कब्जा जमाने के बाद अब नगरपालिका परिसर में उपसभापति पद की ताजपोशी को लेकर राजनीतिक दांव-पेंच और गोटियां बिछनी शुरू हो गई हैं।

