थांदला पुलिस को मिली बड़ी सफलता: मोटरसाइकिल चुराने वाले 02 शातिर चोर गिरफ्तार, ₹55,000 की बाइक बरामद
झाबुआ/थांदला | झाबुआ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थांदला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) थांदला श्री राजेश सुलिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्रीमती तारा मण्डलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को धर दबोचा।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, गत 7 सितंबर 2026 को फरियादी कालु (पिता हुमा मुणिया, निवासी छोटा जुलवानिया) अपने बेटे को संस्कार स्कूल थांदला छोड़ने आए थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-45 MT-7351) स्कूल की पार्किंग में खड़ी की और मजदूरी के लिए चले गए। दोपहर करीब 2 बजे वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने थाना थांदला में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 520/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
थाना प्रभारी श्रीमती तारा मण्डलोई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के लिए थांदला कस्बा और आसपास के गांवों में जाल बिछाया गया। पुलिस की सतत मेहनत और सटीक सूचना के आधार पर दो संदिग्धों की शिनाख्त हुई:
नवीन पिता थावरिया कटारा (उम्र 29 वर्ष), निवासी बीड़ महुडीपाड़ा
राकेश पिता हुमजी मुणिया (उम्र 27 वर्ष), निवासी छोटा जुलवानिया
पूछताछ में कबूला जुर्म, बाइक बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने चोरी की वारदात अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी राकेश मुणिया के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल (MP-45 MT-7351), जिसकी कीमत करीब ₹55,000 बताई जा रही है, बरामद कर जप्त कर ली गई है।
सराहनीय भूमिका
इस चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी श्रीमती तारा मण्डलोई, सउनि शैलेन्द्र कुमार शुक्ला, प्रआर 44 लोकेन्द्र नायक, आर. 673 जितेश, आर. 580 तरवेज तथा आर. 554 राकेश की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

